• 30/08/2023

सरोज पाण्डेय कांग्रेसी भाई CM भूपेश बघेल से हैं नाराज, राखी भेज बताई मन की पीड़ा

सरोज पाण्डेय कांग्रेसी भाई CM भूपेश बघेल से हैं नाराज, राखी भेज बताई मन की पीड़ा
Spread the love

रक्षाबंधन पर बीजेपी सांसद सरोज पाण्डेय ने इस साल भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राखी और मिठाई भेजी है। लेकिन इस बार सीएम भूपेश की भाजपाई बहन उनसे नाराज हैं। उन्होंने सीएम भूपेश बघेल पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। भाजपाई बहन ने अपने कांग्रेसी भाई को एक पत्र भी लिखा है। पत्र में उन्होंने सोनिया गांधी, ममता बैनर्जी, प्रियंका गांधी और कुमारी शैलजा के नामों का भी जिक्र किया है।

सरोज पाण्डेय ने सीएम को लिखे गए पत्र को अपने सोशल मीडिया अकाउंट X (ट्विटर) पर साझा करते हुए ट्वीट भी किया है। सरोज पाण्डेय ने ट्वीट कर कहा, ”मैं प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भूपेश बघेल जी आपको रक्षा सूत्र और मिठाई भेज रही हूं, पर इस बार कुछ व्यथित मन से।”

सरोज पांडे ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ”प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भूपेश बघेल जी आपको रक्षासूत्र एवं मिठाई भेज रही हूं, पर इस बार कुछ व्यथित मन से, लगा मानो कि आपने न सिर्फ छत्तीसगढ़ की बल्कि इस देश की ही संस्कृति और संस्कारों को विस्मृत कर दिया। आपने यह भुला दिया कि इस देश में बहन सिर्फ बहन नहीं होती।”

सरोज पांडे ने पत्र में लिखा ये

सरोज पांडे ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लिखे पत्र में कहा, ”आदरणीय बड़े भैया श्री भूपेश जी को जय जोहार! आज राखी के इस पवित्र त्योहार पर आपकी छोटी बहन के नाते हमेशा की तरह आपको पवित्र रक्षा सूत्र भेज रहीं हूं और मां दंतेश्वरी से आपके स्वस्थ एवं कुशल जीवन की कामना करती हूं। भैया, जहां तक मैं आपको जानती हूं आप मेरी राजनैतिक एवं सामाजिक सेवा में अभिलिप्त जीवनयात्रा से भलीभांति परिचित होंगे। आप जानते होंगे कि पिछले 36 वर्षों से आपकी यह छोटी बहन लगातार निष्कपट और बेदाग रहते हुए छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करते हुए, छत्तीसगढ़िया भाइयों और बहनों के हितों की आवाज़ उठाती रही है और उनकी बेहतरी के लिए बिना रुके, बिना थके कार्य करती रही है।”

अविवाहित होने का उड़ाया उपहास- सरोज पाण्डेय

राज्य सभा सांसद ने आगे लिखा, ”वैसे भी वैश्विक पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं का काम करना मुश्किल होता है, और ऊपर से सक्रिय राजनीति के वातावरण में तो महिला होना और भी चुनौती भरा हो जाता है। मुझे नहीं लगता कि आप ये कभी भी समझ पाएंगे कि मुझ जैसी एक महिला के लिए राह और कठिन हो जाती है, जब वो मेरी तरह अविवाहित रह कर अपना सारा जीवन समाज एवं राष्ट्र को समर्पित कर देती है। भैया आप तो प्रदेश के मुखिया हो! जिस तरह से आपने इस सम्मानजनक पद पर रहते हुए दो दिन पहले अपनी इस बहन के अविवाहित होने का अट्टहास करते हुए उपहास उड़ाया है, उससे मन बहुत आहत है और हृदय पीड़ा से भरा हुआ है।”

सरोज पाण्डेय ने आगे लिखा, ”भैया, मैं आपसे ये जानना चाहती हूं कि क्या कांग्रेस गठबंधन की सहयोगी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुश्री ममता बेनर्जी जी के लिए और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी सुश्री कुमारी शैलजा जी के लिए भी आपके मन में यही उपहास का भाव है? क्योंकि वो दोनों भी अविवाहित है या केवल आपको इसी बहन का अपमान करने में ही आनंद मिलता है?”

सरोज पांडे ने आगे लिखा, ”भैया, आप फिर से मीडिया बुला कर कह देंगे कि मैंने इस पत्र को राजनीति करने के लिए लिखा है, क्योंकि वर्ष 2020 में जब मैंने छत्तीसगढ़ की सभी बहनों की मांग को राखी के साथ भेजे पत्र में पिरो कर भेजा था, तब भी आप बहुत आहत हो गए थे और मुझ पर राखी के पवित्र त्योहार पर राजनीति करने का लांछन लगा दिया था.”

सोनिया गांधी से पूछे सवाल

बीजेपी नेत्री सरोज पांडे ने लिखा, ”आज मैं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री श्रीमती सोनिया गांधी जी, श्रीमती प्रियंका गांधी जी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिका अर्जुन खड़गे जी से भी यह जानना चाहती हूं कि क्या वो आपके इस कृत्य से सहमत है? और जैसा की हमेशा आरोप लगता है, क्या कांग्रेस सही मायनों में महिलाओं के सम्मान के प्रति असंवेदनशील हैं? क्या ऐसा उपहास संपूर्ण नारी शक्ति का, भारत की सभी अविवाहित बहनों का अपमान नहीं है? क्या मेरे बड़े भाई श्री भूपेश बघेल जी उनके इस बर्ताव पर मुझसे माफ़ी मांगेंगे. राखी के इस पवित्र दिन पर मेरा बस उनसे इतना ही सवाल है.”

Related post

बस्तर तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप

बस्तर तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा…

Spread the love०–13 अगस्त को सुकमा के दुर्गम इलाकों से गुजरेगी तिरंगा यात्रा ०–‘हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रभक्ति, शांति…
साइबर फ्रॉड पर बलौदाबाजार पुलिस अलर्ट, संदिग्ध कॉल और लिंक से रहें सावधान

साइबर फ्रॉड पर बलौदाबाजार पुलिस अलर्ट, संदिग्ध कॉल और…

Spread the loveबलौदाबाजार-भाटापारा। जिले में ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी…
छत्तीसगढ़ के पहले पर्व हरेली पर मुख्यमंत्री निवास में सजी लोक संस्कृति की जीवंत झांकी

छत्तीसगढ़ के पहले पर्व हरेली पर मुख्यमंत्री निवास में…

Spread the love00 गेड़ी, बिल्लस, गोटी और बाटी जैसे पारंपरिक खेलों ने लौटाई गांव की यादें, लोकगीत-लोकनृत्य और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की…