- 13/01/2025
‘ज्यादा हेकड़ी दिखाओगी तो पुलिस को बुलाकर फेंकवा दूंगा’, इंसाफ का गुहार लगा रही ठगी की शिकार महिलाओं को मंत्री ने दी धमकी, पूर्व CM ने कहा – ‘गली के गुंडे..’

छत्तीसगढ़ में ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए मंत्रियों को घेर लिया। महिलाओं को इंसाफ मिलना तो दूर उल्टा मंत्रीजी उनसे इस कदर खफा हो गए कि उन्हें धमकी दे दी। मंत्री जी ने महिलाओं को पुलिस की धमकी देते हुए कहा कि वे उन्हें पुलिस से बाहर फेंकवा देंगे।
दरअसल रविवार को छत्तीसगढ़ के दो मंत्री राम विचार नेताम और उद्योग व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोरबा पहुंचे। फ्लोरा मैक्स कंपनी द्वारा ठगी का शिकार सैकड़ों महिलाएं पिछले कुछ दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रही हैं। जैसे ही महिलाओं को दोनों मंत्रियों के कोरबा में होने की जानकारी मिली, वे मंत्रियों से इंसाफ की गुहार लगाने पहुंच गई। इस दौरान महिलाओं ने मंत्रियों को घेर लिया और उऩसे लिखित आश्वासन की मांग कर रही थीं।
क्या कहा मंत्री ने?
परेशान महिलाओं से सहानुभूति दिखाने और उन्हें इंसाफ दिलाने की बात तो दूर मंत्री लखनलाल देवांगन ने उल्टा उन्हें धमकी दे डाली। लखन लाल देवांगन ने कहा, ” मंत्रीजी ने कहा कि, “चुपचाप रहो.. शांति से बात कर रहे हैं। शासन-प्रशासन सहयोग कर रहा है। ज्यादा हेकड़ी दिखाओगी तो पुलिस को बुलाकर फेंकवा दूंगा।”
पूर्व CM बघेल ने दी दो टूक चेतावनी
महिलाओं को धमकी देने का यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने सूबे के सियासी पारा को गरमा दिया है। कांग्रेस ने निशाना साधते हुए मंत्रीजी को गली का गुंडा बता दिया। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मंत्री को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि हम ये गुंडागर्दी चलने नहीं देंगें, याद रखना, हमारी बहनों को हाथ भी न लगा देना।
भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा, “ये लखनलाल देवांगन जी हैं। हमारे प्रदेश के मंत्री जी। लेकिन ये तो बिल्कुल गली के गुंडों की तरह महिलाओं से व्यवहार कर रहे हैं। आप कितने भी बड़े मंत्री हों, आपकी इतनी हिम्मत कि महिलाओं को फेंकवा देंगे? वो भी पुलिस बुलाकर? ये है भाजपा की मानसिकता। आरएसएस की शिक्षा। पर हम आपकी ये गुंडागर्दी चलने नहीं देंगे याद रखना। हाथ भी न लगा देना हमारी बहनों को।”
ये लखनलाल देवांगन जी हैं. हमारे प्रदेश के मंत्री जी. लेकिन ये तो बिल्कुल गली के गुंडों की तरह महिलाओं से व्यवहार कर रहे हैं.
आप कितने भी बड़े मंत्री हों, आपकी इतनी हिम्मत कि महिलाओं को फेंकवा देंगे? वो भी पुलिस बुलाकर?
ये है भाजपा की मानसिकता. आरएसएस की शिक्षा.
पर हम आपकी ये… https://t.co/nUkZVIP6D8
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) January 13, 2025
क्या है पूरा मामला?
दरअसल साल 2022 में फ्लोरा मैक्स नाम की एक कंपनी ने कोरबा सहित अन्य जिलों की तकरीबन 37 हजार महिलाओं से 500 करोड़ की ठगी की। कंपनी ने महिलाओं को बिजनेस का झांसा देकर उन्हें बैंकों से लोन दिलाया। जिसके बाद कंपनी ने फर्जी स्कीम बताकर महिलाओं से 30-30 हजार रुपये जमा करवा लिए। कंपनी ने महिलाओं को आश्वासन दिया था कि बैंक की किस्तों को वो पटाएंगे।
इसके बदले महिलाओं को हर महिने 2700 रुपये देने का वादा किया गया था। झांसे में आने के बाद महिलाओं ने बैंक से लोन लेकर कंपनी में जमा करा दिया। लेकिन बाद में कंपनी से जुड़े लोग करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गए। अब बैंक वाले कर्ज वसूली के लिए महिलाओं पर दबाव बना रहे हैं।
परेशान महिलाएं महिलाएं सरकार से बैंक लोन माफ करने का लिखित में आश्वासन चाह रही थीं।