- 11/11/2025
Dharmendra Death: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

मुंबई। Dharmendra Death: हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र का आज निधन हो गया। 89 वर्ष के धर्मेंद्र को सोमवार को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को लगातार 72 घंटे तक क्रिटिकल बताया था।
परिवार के सूत्रों के मुताबिक, हालात गंभीर होने के बाद उनकी बेटियों को विदेश से तुरंत मुंबई बुलाया गया था। बीती रात अस्पताल के बाहर उनका पूरा परिवार मौजूद था। सनी देओल और बॉबी देओल अस्पताल पहुंचकर भावुक नजर आए। देर रात कई बॉलीवुड सितारे भी अस्पताल पहुंचे थे।
पहले भी हुई थीं स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें
10 नवंबर से पहले, 31 अक्टूबर को भी धर्मेंद्र को सांस लेने में परेशानी होने के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्हें ICU में रखा गया था और स्थिति ठीक होने पर कुछ घंटों बाद डिस्चार्ज किया गया था।
इसके अलावा इसी साल उनकी कॉर्निया ट्रांसप्लांट सर्जरी भी हुई थी। 2015 से 2020 के बीच उन्हें पीठ दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और थकान की समस्याएँ भी रही थीं।
अगली फिल्म जल्द होगी रिलीज
धर्मेंद्र जल्द ही फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आने वाले थे। यह फिल्म भारत-पाकिस्तान युद्ध के युवा सैनिक अरुण खेत्रपाल की कहानी पर आधारित है। फिल्म में धर्मेंद्र ने उनके पिता एम.एल. खेत्रपाल का किरदार निभाया है।
सिनेमा के सबसे हैंडसम सितारों में एक
धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा के सबसे हैंडसम कलाकारों में गिना जाता है। देव आनंद तक ने उन्हें देखकर कहा था— “ऐसी शक्ल मेरी क्यों नहीं है?”
दिलीप कुमार भी उनकी शख्सियत के बेहद मुरीद थे और चाहते थे कि अगले जन्म में उन्हें धर्मेंद्र जैसी शख्सियत मिले।
फिल्मों में आने की प्रेरणा
धर्मेंद्र कई बार बता चुके हैं कि उन्हें फिल्मों में आने की प्रेरणा दिलीप कुमार को देखकर मिली। दसवीं कक्षा में पहली बार जब उन्होंने दिलीप कुमार की फिल्म ‘शहीद’ देखी, तभी से उन्होंने एक्टर बनने का सपना देखना शुरू किया।
फिल्म इंडस्ट्री में प्रतिस्पर्धा और सम्मान दोनों
धर्मेंद्र और देव आनंद के बीच गहरा सम्मान का रिश्ता था, साथ ही पेशेवर प्रतिस्पर्धा भी। दोनों को एक-दूसरे की पर्सनैलिटी और काम बेहद पसंद था। कई फिल्म निर्माताओं ने बताया कि धर्मेंद्र कहानी सुनाने वाले डायरेक्टर की समझ, उसके आत्मविश्वास और उसके विज़न को बहुत महत्व देते थे।
धर्मेंद्र का जन्म
8 दिसंबर 1935
नसराली / साहनेवाल क्षेत्र, पंजाब
8 दिसंबर को वे 90 वर्ष के होने वाले थे





