- 13/08/2026
ED RAID : छतीसगढ़ ED की बड़ी कार्रवाई, तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक बड़ी और अचानक हुई कार्रवाई से व्यापारिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. केंद्रीय जांच एजेंसी ED की संयुक्त टीमों ने शहर और आसपास स्थित तीन प्रमुख ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है.
सुबह-सुबह तीन ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोपाल और रायपुर ED की अलग-अलग संयुक्त टीमों ने तड़के लगभग 6:00 बजे एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की. जांच के दायरे में शहर का चर्चित प्रतिष्ठान ‘भंसाली किराया भंडार’ और सत्यम विहार स्थित ‘नाहटा ग्रुप’ के ठिकाने शामिल हैं.
टीमों के अचानक पहुंचने से परिसरों में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी संबंधित ठिकानों के बाहर सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है और बाहरी लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है.
वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की पड़ताल
ED के अधिकारी संबंधित ठिकानों पर मौजूद वित्तीय रिकॉर्ड, बही-खातों, बैंक खातों के विवरण और अन्य महत्वपूर्ण कागजात को गहनता से खंगाल रहे हैं. डिजिटल उपकरणों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, यह कार्रवाई किस विशिष्ट वित्तीय अनियमितता, धन शोधन (Money Laundering) या प्रकरण से जुड़ी है, इस संबंध में ED के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि दस्तावेजों की प्राथमिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.


