• 28/08/2026

बहनों का सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

बहनों का सम्मान, सशक्तिकरण और खुशहाली से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
Spread the love

जशपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम केरसई में आयोजित ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। क्षेत्र की महिलाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों से संवाद करते हुए कहा कि उनका सम्मान, सुरक्षा और खुशहाली सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन से परिवार मजबूत होता है और मजबूत परिवार ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव बनाते हैं। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के जरिए करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिल रही है।

 केरसई और आसपास के गांवों में कई निर्माण कार्यों की घोषणा

रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री ने केरसई क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। घासीमुंडा में नया प्राथमिक शाला भवन, केरसई तालाब का सौंदर्यीकरण, मिनी स्टेडियम, केरसई और घासीमुंडा के बजरंग बली मंदिरों का जीर्णोद्धार सहित कई कार्य शामिल हैं। इसके अलावा अरुण के घर तक सीसी सड़क, गढ़वामुड़ा यादव बस्ती में सामुदायिक भवन, घासीमुंडा में सामुदायिक भवन और ऊपरकछार में महतारी सदन बनाने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केरसई में करीब 84.69 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, स्कूल, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को सरकार प्राथमिकता दे रही है।

 स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बन रही महिलाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। स्व-सहायता समूहों के जरिए महिलाएं अलग-अलग आजीविका गतिविधियों से जुड़ रही हैं। ड्रोन दीदियों के माध्यम से आधुनिक तकनीक में महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। जशपुर की महिलाओं को ई-रिक्शा उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के नए अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गांव की महिलाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलें। महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार की स्थिति बेहतर होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है।

 किसानों और गरीब परिवारों के लिए योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर उपलब्ध कराने का काम जारी है। इसके साथ ही श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री बिजली बिल राहत योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने का आग्रह किया।

 जशपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज, एमसीएच यूनिट, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम हो रहा है, ताकि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत आयुषी को पासबुक दी गई। स्वामित्व योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। सरस्वती स्व-सहायता समूह को एक लाख रुपए की सहायता का चेक भी प्रदान किया गया।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरे प्रदेश की बहनों के ‘विष्णु भैया’ हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related post

Jashpur Women Empowerment: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना का किया शुभारंभ

Jashpur Women Empowerment: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने…

Spread the loveJashpur Women Empowerment News: रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के बगिया कैंप कार्यालय से…

UCC Debate: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता पर मंथन,…

Spread the loveरायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में व्यापक परिचर्चा आयोजित की गई।…
मुख्यमंत्री ने साइंस ऑन व्हील्स को दिखाई हरी झंडी, अब स्कूलों तक पहुंचेगी प्रयोगों की चलती-फिरती विज्ञानशाला

मुख्यमंत्री ने साइंस ऑन व्हील्स को दिखाई हरी झंडी,…

Spread the love00 अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, सतत विकास और जल निस्पंदन जैसे विषयों को प्रयोगों और मॉडलों के जरिए समझेंगे विद्यार्थी…