- 29/11/2026
विनोद कांबली की मदद को आगे आए एकनाथ शिंदे, इलाज और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का वादा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। कांबली इन दिनों कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। शिंदे ने उनके इलाज के साथ-साथ उनके दोनों बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का भी वादा किया है।
बीते शनिवार (28 नवंबर) कांबली अपने परिवार के साथ उपमुख्यमंत्री से मिलने उनके आधिकारिक आवास नंदनवन पहुंचे। उनके साथ पत्नी एंड्रिया हेविट, बच्चे जीसस और जोहाना तथा MCA के मशहूर पिच क्यूरेटर नदीम मेमन भी मौजूद थे। शिंदे ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिनमें वे कांबली के साथ बैठकर बातचीत करते दिख रहे हैं।
बार-बार स्ट्रोक का खतरा
तस्वीरों के साथ शिंदे ने लिखा कि कांबली और उनके परिवार के सदस्य उनसे मिलने आए और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि कांबली के दिमाग में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बन गया है, जिससे उन्हें बार-बार स्ट्रोक आने का खतरा है। इसके कारण उन्हें याददाश्त जाने सहित स्वास्थ्य संबंधी अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांबली ने बताया कि इस बीमारी से निपटने के लिए उन्हें लंबे समय तक इलाज की जरूरत होगी।
ठाणे के जुपिटर अस्पताल में होगा इलाज
शिंदे ने कहा कि उन्होंने कांबली और उनके परिवार को भरोसा दिलाया है कि ठाणे के जुपिटर अस्पताल में उन्हें हर जरूरी इलाज मिलेगा और वे पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे। इसके अलावा, शिवसेना कांबली के दोनों बच्चों की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी उठाएगी, ताकि उनकी शिक्षा में कोई रुकावट न आए।
ऐसा रहा कांबली का अंतरराष्ट्रीय करियर
कांबली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले। टेस्ट की 21 पारियों में उन्होंने 54.20 की औसत से 1084 रन बनाए, जिसमें 4 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 227 रन रहा। वनडे की 97 पारियों में उन्होंने 32.59 की औसत से 2477 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर 106 रन रहा।


