- 21/04/2025
बड़ी खबर: 1 करोड़ के इनामी नक्सली विवेक को सुरक्षा बलों ने मार गिराया, 8 और नक्सली ढेर, AK-47, SLR सहित गोला-बारूद बरामद


झारखंड के बोकारो जिले में आज सोमवार को सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सुरक्षा बल के जवानों ने 1 करोड़ के इनामी और खूंखार नक्सली विवेक सहित 8 माओवादियों को मार गिराया है।
जानकारी के मुताबिक झारखंड के खुफिया विभाग को जागेश्वर विहार थाना क्षेत्र के लुगू पहाड़ की तलहटी में बड़ी संख्या में नक्सलियों के इकट्ठा होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद झारखंड पुलिस ने ऑपरेशन लॉन्च किया। पुलिस के साथ ही झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
सुरक्षा बल के जवानों को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की। दोनों तरफ से लगातार हुई गोलीबारी में कई नक्सली मारे गए। अब तक मौके से 8 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। मौके से जवानों ने AK-47, एसएलआर जैसे अत्याधुनिक हथियार और गोला-बारूद बरादम किया है।
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान विवेक, साहेब राम मांझी और अरविंद यादव के रूप में हुई है। विवेक की गिनती सबसे ज्यादा खूंखार नक्सलियों में होती थी। वह सुरक्षाबलों के ऊपर हुए कई बड़े हमलों में शामिल रहा है। उस पर 1 करोड़ का इनाम घोषित था। उसके ऊपर झारखंड के अलावा और कई राज्य सरकारों ने इनाम घोषित किया था। उसकी लंबे समय से तलाश जारी थी। विवेक का मारा जाना नक्सलियों के लिए बड़ी क्षति है।