• 06/09/2025

धमकी: CG में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को जान से मारने धमकी, आप कार्यकर्ता गिरफ्तार, मिली जमानत

धमकी: CG में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को जान से मारने धमकी, आप कार्यकर्ता गिरफ्तार, मिली जमानत

छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और उनके पति ठाकुर राजवाड़े को जान से मारने और 40-50 करोड़ रुपये के घोटाले में फंसाने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में भटगांव थाना पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ता रविंद्र यादव के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, रविंद्र यादव को बाद में कोर्ट से जमानत मिल गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 21 अगस्त 2025 की शाम भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कसकेला में हुई। ग्राम के अटल चौक के पास आप कार्यकर्ता रविंद्र यादव और भाजपा कार्यकर्ता रवि यादव के बीच मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को लेकर तीखी बहस हुई। रवि यादव ने भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रविंद्र यादव ने मंत्री और उनके पति पर अमर्यादित टिप्पणी करते हुए उन्हें 40-50 करोड़ रुपये के घोटाले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी के नेतृत्व में पुलिस ने 23 अगस्त को रविंद्र यादव के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उसे हिरासत में लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया, लेकिन बाद में कोर्ट ने जमानत दे दी। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया और उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया।

थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने बताया कि शिकायतकर्ता रवि यादव और आप कार्यकर्ता रविंद्र यादव के बीच निजी विवाद हुआ था, जिसके बाद लिखित शिकायत पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।

लक्ष्मी राजवाड़े, जो सूरजपुर जिले के भटगांव से विधायक हैं, वर्तमान में छत्तीसगढ़ सरकार में एकमात्र महिला मंत्री हैं। वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सियासी तनाव को बढ़ा दिया है।