- 09/10/2024
अनोखा मामला! पुलिस स्टेशन पहुंचकर शख्स ने लिखवाई मन्नत के मुर्गे की चोरी की रिपोर्ट, SP तक पहुंची शिकायत


छत्तीसगढ़ में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक (SP) से चोरी गए मुर्गे को खोजने की गुहार लगाई है। चोरी के इस अनोखे मामले ने पुलिस को भी पेशोपेश में डाल दिया है। एसपी ने शख्स को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मामला सरगुजा जिले का है। यहां मन्नत वाला एक मुर्गा चोरी हो गया है। जिसे पिता ने अपने बेटे की शादी की मन्नत मांगकर रखा था। उसने पड़ोसी पंचायत सचिव पर चोरी का आरोप लगाया है। जब रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी, तो वो एसपी दफ्तर पहुंच गया। मुर्गा भी सामान्य नहीं था। बेटे की शादी के लिए मजार में मांगी गई मन्नत के लिए उसे 4 साल पाला गया था।
ग्राम लमगांव के रहने वाले फहीमुद्दीन ने मुर्गा चोरी की शिकायत में लिखा है कि जमीन विवाद के चलते पड़ोसी सचिव ताज अहमद ने मुर्गा की चोरी की है। जिससे वो काफी दुखी है। परिवार के लोग भी चोरी गए मुर्गे को लेकर काफी परेशान हैं। शिकायतकर्ता फहीमुद्दीन ने बताया कि मुर्गे को 4 साल से पाल रहा था।
बेटे की शादी के लिए मजार में जाकर सिरनी फातिहा करने की मन्नत मांगी थी। लेकिन खास मुर्गे की चोरी होने पर सपना अधूरा रह गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ढिल्लो ने कहा कि शिकायतकर्ता ने बताया कि रंजिश के चलते पीड़ित की कच्ची छत को तोड़कर मुर्गे की चोरी की गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।