• 09/06/2024

मोदी की ‘ड्रीम टीम’ में छत्तीसगढ़ के तोखन साहू, बिलासपुर सांसद बनेंगे मंत्री

मोदी की ‘ड्रीम टीम’ में छत्तीसगढ़ के तोखन साहू, बिलासपुर सांसद बनेंगे मंत्री

नरेन्द्र मोदी आज भारत के प्रधानमंत्री के रुप में तीसरी बार शपथ लेंगे। उनके साथ ही उनकी कैबिनेट भी शपथ लेगी। मोदी के मंत्रीमंडल में छत्तीसगढ़ से बिलासपुर के सांसद तोखन साहू को जगह मिली है। तोखन साहू के पास पीएमओ से कॉल आया। तोखन साहू ने बिलासपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव को 1 लाख 64 हजार वोटों से हराया।

कौन हैं तोखन साहू?

तोखन साहू का जन्म मुंगेली के ग्राम डिंडौरी में 15 अक्टूबर 1969 को हुआ है। एम. कॉम तक की शिक्षा उन्होंने ग्रहण की है। परिवार में पत्नी लीलावती साहू के अलावा एक पुत्र और पुत्री है। उनके राजनीतिक जीवन की शुरूआत साल 1994 से हुई।  1994 में वे लोरमी ब्लॉक के के सूरजपुरा गांव से निर्विरोध पंच बने। साल 2005 में वे जनपद सदस्य बने। फरवरी 2010 को लोरमी जनपद पंचायत के अध्यक्ष चुने गए।

साल 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की टिकट पर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी धर्मजीत सिंह को हराया। रमन सरकार में उन्हें संसदीय सचिव बनाया गया।