- 01/06/2026
जून की शुरुआत के साथ बदले कई बड़े नियम, LPG सिलेंडर से लेकर कार और UPI तक का सीधा असर आपकी जेब पर
नई दिल्ली। जून महीने की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई बड़े वित्तीय और रोजमर्रा से जुड़े नियम बदल गए हैं। इन बदलावों का सीधा असर आम लोगों, कारोबारियों और ग्राहकों की जेब पर पड़ने वाला है। 1 जून 2026 से कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा हो गया है, मारुति सुजुकी की कारों की कीमतें बढ़ गई हैं, बैंकिंग नियमों में बदलाव लागू हो गए हैं, सोलर पैनल महंगे हो सकते हैं और UPI पेमेंट सिस्टम में भी बड़ा बदलाव किया गया है। आइए जानते हैं आज से लागू हुए 5 बड़े बदलावों के बारे में।
1. कमर्शियल LPG सिलेंडर महंगा
हर महीने की तरह तेल कंपनियों ने 1 जून को LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी कर दी हैं। घरेलू 14.2 किलो वाले सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत फिर बढ़ा दी गई है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर 3113.50 रुपये का हो गया है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 52.50 रुपये बढ़ गई है। इसका असर होटल, रेस्तरां और छोटे कारोबारियों पर पड़ सकता है।
इसके अलावा पेट्रोलियम मंत्रालय ने LPG और PNG कनेक्शन रखने वालों के लिए भी नियम सख्त कर दिए हैं। अब जिन उपभोक्ताओं के घर PNG कनेक्शन लग चुका है, उन्हें 30 दिनों के भीतर अपना LPG कनेक्शन सरेंडर करना होगा।
2. Maruti Suzuki की कारें हुईं महंगी
जून की पहली तारीख से मारुति सुजुकी ने अपनी कई कारों की कीमतें बढ़ा दी हैं। कंपनी के अनुसार बढ़ी हुई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। Alto, Brezza, WagonR और अन्य कई मॉडल अब पहले से महंगे मिलेंगे। कंपनी ने अलग-अलग मॉडलों की कीमतों में अधिकतम 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की है। ऐसे में नई कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
3. HDFC Bank ने बदले नियम
1 जून 2026 से HDFC Bank ने अपने करंट अकाउंट और कुछ अन्य खातों से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। बैंक के मुताबिक अब छोटे नोट और सिक्के जमा करने पर नई लिमिट और चार्ज लागू होगा। 20 रुपये या उससे कम मूल्य के नोटों के लिए 10 हजार रुपये प्रतिमाह और सिक्कों के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह की सीमा तय की गई है। इससे ज्यादा रकम जमा करने पर अतिरिक्त 2 प्रतिशत शुल्क देना होगा।
4. Solar Panel हो सकते हैं महंगे
आज से सोलर पैनल सेक्टर में भी नया नियम लागू हो गया है। अब सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में केवल Approved List of Models and Manufacturers (ALMM List-II) में शामिल सोलर मॉड्यूल और सेल का ही इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, लेकिन इसके कारण सोलर पैनल की कीमतों में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है।
5. UPI पेमेंट सिस्टम में बड़ा बदलाव
डिजिटल पेमेंट को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए NPCI ने UPI सिस्टम में बड़ा बदलाव लागू किया है। अब किसी भी UPI ट्रांजैक्शन के दौरान PIN डालने से पहले पैसे पाने वाले व्यक्ति का बैंक खाते में दर्ज नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसका मकसद गलत खाते में पैसे ट्रांसफर होने और ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाओं को कम करना है।
इन सभी बदलावों का असर सीधे आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और खर्चों पर पड़ सकता है। ऐसे में नई दरों और नियमों की जानकारी रखना जरूरी हो गया है।