• 16/04/2024

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार, गुजरात से दबोचे गए

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों शूटर गिरफ्तार, गुजरात से दबोचे गए

Follow us on Google News

बॉलीवुड स्टरा सलमान खान के घर पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुजरात से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शूटरों को मुंबई लाया जा रहा है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम विकी साहब गुप्ता और सागर श्रीजोगेन्द्र पाल है। दोनों शूटर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैं। गुजरात की पश्चिम कच्छ क्राइम ब्रांच ने दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जिस गन से उन्होंने फायरिंग की उसे सूरत की एक नदी  में फेंक दिया।

लॉरेंस के भाई ने ली थी हमले की जिम्मेदारी

आपको बता दें रविवार सुबह तकरीबन 5 बजे के आसपास दोनों शूटरों ने सलमान खान के ब्रांद्रा स्थित गैलेक्स अपार्टमेंट के बाहर 4 राउंड फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ही मौके से फरार हो गए थे। फायरिंग के कुछ देर बाद अमेरिका में रह रहे लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली थी।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर लगे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लिया था। मामले में आरोपी शूटरों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा टीमों का गठन किया था। पुलिस की कुछ टीमें राजस्थान, बिहार और दिल्ली गई थी। मुंबई पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क कर एक टीम वहां भी भेजी थी। जहां आधी रात के बाद कच्छ क्राइम ब्रांच के साथ छापेमारी में आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली।

किराए पर मकान लेकर रह रहे थे

मुंबई पुलिस ने मामले में एक दिन पहले खुलासा करते हुए बताया था कि सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने वाले दोनों शूटर एक महीने पहले मुंबई पहुंचे थे। यहां नवी मुंबई के पनवेल इलाके में किराए का मकान लेकर वे रह रहे थे। इसी पनवेल इलाके में ही सलमान खान का फार्महाउस भी मौजूद है।

पुलिस अधिकारी ने बताया था कि दोनों हमलावर जिस मोटरसाइकिल से पहुंचे थे उसे सलमान के घर से 1 किलोमीटर दूर माउंट मैरी चर्च के पास छोड़ दी थी। मोटरसाइकिल पनवेल इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। उस व्यक्ति ने कुछ दिन पहले ही मोटरसाइकिल किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी थी।