- 25/08/2026
‘विष्णु भैया’ की पहल बनी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव,महतारी वंदन की राशि से संवर रहा भविष्य…

रायपुर. 25 अगस्त 2026. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील सोच से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित महतारी वंदन योजना अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। महतारी वंदन योजना से मिल रहा आर्थिक संबल महिलाओं के हाथों को मजबूती दे रहा है। इससे वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं। कांकेर के शांतिनगर निवासी पुष्पा विश्वकर्मा के लिए यह योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी दोनों बेटियों के सपनों को सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प बन गई है।
पुष्पा विश्वकर्मा ने बताया कि महतारी वंदन योजना की राशि उन्हें नियमित रूप से प्राप्त हो रही है। उन्होंने इस राशि को अपने घरेलू खर्च में उपयोग करने के बजाय अपनी दोनों बेटियों के सुकन्या समृद्धि खातों में जमा करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि आज की छोटी-छोटी बचत ही कल बेटियों की उच्च शिक्षा और बड़े सपनों को पूरा करने में बड़ी मददगार बनेंगी। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि मेरे लिए सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि मेरी बेटियों के भविष्य को संवारने का एक अवसर है। इस राशि को उनकी बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए बचा रही हूं। महतारी वंदन की राशि उनके लिए आने वाले कल की बड़ी उम्मीद बन चुकी है। वे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देते हुए कहती हैं कि ‘विष्णु भैया’ की इस योजना से हर महीने मिल रही राशि मेरी बेटियों के भविष्य के लिए काम आ रही है।

