- 08/10/2026
BREAKING : केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दो टैंकर और 50 से ज्यादा ड्रम खाक, आस पास के इलाकों में मची अफरा-तफरी

भिलाई। हथखोज औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री श्याम केमिकल्स में गुरुवार को 11 से 12 बजे दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग देखते ही देखते तेज हो गई, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकर आग की चपेट में आ गए, जिससे आग बुझाने में दिक्कत हो रही है। 3 घंटे से आग पर काबू करने की कोशिश जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग की लपटें और आग से उठने वाला काला धुआं पूरे आसमान में फैल गया है, जिससे आसपास का आसमान काला नजर आ रहा है। धुआं दूर से ही दिखाई देने के कारण आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए दमकल की 5 से 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की जा रही है।
दमकल कर्मी आग को नियंत्रित करने के साथ ही उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में केमिकल से संबंधित सामग्री होने के कारण आग बुझाने के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। फिलहाल आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना की सूचना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


