• 25/05/2025

मुस्लिम महिलाओं पर आई बड़ी आफत: रातोंरात 26 हजार से ज्यादा की नागरिकता रद्द, बैंक खाते भी सीज

मुस्लिम महिलाओं पर आई बड़ी आफत: रातोंरात 26 हजार से ज्यादा की नागरिकता रद्द, बैंक खाते भी सीज

Follow us on Google News

कुवैत सरकार ने रातोंरात हजारों लोगों की नागरिकता रद्द कर दी, जिसमें अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। अनुमान है कि यह संख्या 26 हजार तक पहुंच सकती है। इस फैसले के चलते लोगों के बैंक खाते बंद हो गए और उनकी सभी सुविधाएं ठप हो गईं। प्रभावित लोग सुबह उठे तो पता चला कि उनकी नागरिकता छिन गई है।

महिलाओं पर ज्यादा असर

जानकारी के अनुसार, मई 2024 में कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल सबाह ने लोकतंत्र को खतरा बताते हुए संविधान संशोधन की घोषणा की थी। इसके बाद सरकार ने उन लोगों की नागरिकता रद्द करने पर जोर दिया, जिन्हें शादी के जरिए नागरिकता मिली थी। खास तौर पर, कुवैती पुरुषों से शादी कर नागरिकता हासिल करने वाली महिलाएं इस कार्रवाई की चपेट में हैं।

लामा का मामला उजागर

कुवैत सिटी में रहने वाली लामा, जो मूल रूप से जॉर्डन की हैं, ने क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने की कोशिश की तो पता चला कि उनका बैंक खाता फ्रीज हो गया है और उनकी नागरिकता रद्द कर दी गई है। बता दें कि दिसंबर 2023 में अमीर बने शेख मेशाल ने संसद भंग कर दी थी और संविधान के कुछ हिस्सों को निलंबित कर दिया था।

अमीर का दावा: केवल असली कुवैती रहेंगे

अमीर शेख मेशाल ने कहा कि कुवैत में रहने वाले 50 लाख लोगों में से केवल एक-तिहाई ही ‘असली कुवैती’ हैं, जिनका स्थानीय लोगों से खून का रिश्ता है। उन्होंने घोषणा की कि अब केवल ‘मूल कुवैती’ ही यहां रह सकेंगे। दिसंबर 2024 में संशोधित कानून के तहत ‘नैतिक भ्रष्टाचार, बेईमानी, या अमीर व धार्मिक हस्तियों की आलोचना’ जैसे आधारों पर नागरिकता छीनी जा सकती है। गृह मंत्री की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कमेटी यह तय कर रही है कि किसकी नागरिकता वैध है।

हर हफ्ते जारी हो रही सूची

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर हफ्ते उन लोगों के नाम सार्वजनिक किए जा रहे हैं, जिनकी नागरिकता रद्द की गई है। लोग डर के मारे इन सूचियों में अपने या परिजनों के नाम तलाश रहे हैं। कुवैत में दोहरी नागरिकता की अनुमति नहीं है, इसलिए कुवैती नागरिकता लेने वालों को अपनी मूल नागरिकता छोड़नी पड़ती है। अगस्त 2024 से अब तक 37 हजार लोगों की नागरिकता रद्द की जा चुकी है, जिनमें 26 हजार महिलाएं शामिल हैं।