• 26/05/2025

रायपुर में पत्रकारों के साथ अस्पताल के बाउंसरों ने की मारपीट, पिस्टल ले कर धमकाया.. CM हाउस के सामने धरने पर बैठे, 3 बदमाश गिरफ्तार

रायपुर में पत्रकारों के साथ अस्पताल के बाउंसरों ने की मारपीट, पिस्टल ले कर धमकाया.. CM हाउस के सामने धरने पर बैठे, 3 बदमाश गिरफ्तार
Spread the love

रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में रविवार देर रात बाउंसरों ने मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की। पत्रकार चाकूबाजी की घटना में घायल व्यक्ति की खबर कवर करने पहुंचे थे, लेकिन बाउंसरों ने उन्हें रोकने के लिए हिंसा का सहारा लिया। घटना की सूचना पर रायपुर के अन्य पत्रकार और प्रेस क्लब के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे, जहां बाउंसरों ने पुलिस की मौजूदगी में भी धक्का-मुक्की की।

विवाद तब और बढ़ गया जब बाउंसर एजेंसी के संचालक वसीम बाबू पिस्तौल लेकर अस्पताल पहुंचा और अपने तीन बाउंसरों के साथ पत्रकारों को धमकाने लगा। उसने महिला सुरक्षाकर्मियों को भी गेट से बाहर निकालकर पत्रकारों पर धकेलना शुरू किया। पुलिस ने शुरू में पत्रकारों को ही अस्पताल गेट पर रोका, जिसके बाद पत्रकारों ने बाउंसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया।

तीन घंटे तक कोई कार्रवाई न होने पर गुस्साए पत्रकारों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया और आधी रात को वहां धरने पर बैठ गए। मौके पर रायपुर के SSP डॉ. लाल उम्मेद सिंह पहुंचे। पत्रकारों ने मांग की कि अस्पताल अधीक्षक स्वयं मौके पर आएं और घटना पर कार्रवाई की जानकारी दें। इसके बाद अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचे और सड़क पर बैठकर पत्रकारों से बात की। उन्होंने मीडियाकर्मियों के साथ हुए दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगी और बाउंसर एजेंसी कॉल मी सर्विस के टेंडर को रद्द करने की अनुशंसा करने का आश्वासन दिया। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने का वादा किया।

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर से फोन पर बात की और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को धमकाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके आश्वासन के बाद पत्रकारों ने देर रात धरना समाप्त किया।

पुलिस ने मौदहापारा थाने में FIR दर्ज कर वसीम बाबू और उसके दो साथी बाउंसरों को गिरफ्तार किया। वसीम के घर से पिस्तौल और गोलियां भी बरामद की गई हैं।

 

Related post

राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई, ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट

राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई, ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी तीन…

Spread the love00 शासकीय हेलीकॉप्टर का बीमा दावा चार साल से अधिक समय तक लंबित रखने के मामले में विमानन संचालनालय…
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की मुख्य/अवसर परीक्षा नवम्बर 2026 की समय-सारिणी जारी

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल की मुख्य/अवसर परीक्षा नवम्बर 2026…

Spread the love00 हाईस्कूल परीक्षा 23 नवम्बर से 8 दिसम्बर तथा हायर सेकण्डरी परीक्षा 23 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक होगी…
अंतिम व्यक्ति का उत्थान और सर्वसमावेशी विकास ही हमारी प्रतिबद्धता: राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा

अंतिम व्यक्ति का उत्थान और सर्वसमावेशी विकास ही हमारी…

Spread the loveअंतिम व्यक्ति का उत्थान और सर्वसमावेशी विकास ही हमारी प्रतिबद्धता: राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा सुशासन और सर्वव्यापी विकास…