- 15/10/2024
Breaking: महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानें कब और कितने चरणों में डाले जाएंगे वोट


चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र में एक चरण और झारखंड में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि महाराष्ट्र में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान किया जाएगा। दोनों ही राज्यों के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, “महाराष्ट्र में कुल मतदाताओं की संख्या 9.63 करोड़ है, जिनमें से 4.97 करोड़ पुरुष और 4.66 करोड़ महिला मतदाता हैं। 20.93 लाख मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। महाराष्ट्र में 1,00,186 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, इस बार भी हम PWD और महिलाओं द्वारा संचालित बूथ बनाएंगे।”
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, “झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिसमें से 1.29 करोड़ महिला और 1.31 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। वहीं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। झारखंड में 29,562 पोलिंग स्टेशन होंगे।”