• 29/07/2025

बाबाधाम में 18 की मौत: देवघर में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत, कई घायल

बाबाधाम में 18 की मौत: देवघर में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत, कई घायल
Spread the love

झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार (29 जुलाई 2025) की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाबा बैद्यनाथ मंदिर जा रही कांवड़ियों से भरी एक बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास हंसडीहा सड़क मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। सदर SDO रवि कुमार ने बताया कि सुबह 4-5 बजे के बीच 32 सीटर बस, जो कांवड़ियों को देवघर से बासुकीनाथ ले जा रही थी, अनियंत्रित होकर पहले एक ट्रक से टकराई और फिर असंतुलित होकर ईंटों के ढेर से जा भिड़ी।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “देवघर के मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास बस दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु की सूचना अत्यंत दुखद है। जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ घायलों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। बाबा बैद्यनाथ मृतकों की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”

गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भी शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान देवघर में बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत दुखद है। बाबा बैद्यनाथ उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।”

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन घायलों के इलाज और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद के लिए तत्पर है। यह हादसा श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ की कांवड़ यात्रा के दौरान हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Related post

रेलवे में सिर्फ 45 पैसे में ₹10 लाख का बीमा, टिकट बुक करते समय न करें ये गलती

रेलवे में सिर्फ 45 पैसे में ₹10 लाख का…

Spread the love नई दिल्ली ट्रेन का टिकट बुक करते समय अगर आप 500, 1000 या उससे भी ज्यादा रुपये खर्च कर…
AI को गाली देने पर बैन होगा अकाउंट? Anthropic के नए नियमों से मची चर्चा

AI को गाली देने पर बैन होगा अकाउंट? Anthropic…

Spread the loveनई दिल्ली ChatGPT या Claude से जवाब पसंद नहीं आया तो क्या आप उसे गाली दे सकते हैं? AI…
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जारी किया 2027 का हॉलिडे कैलेंडर, देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने जारी किया 2027 का हॉलिडे कैलेंडर,…

Spread the loveबिलासपुर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने साल 2027 के लिए छुट्टियों की लिस्ट जारी कर दी है। हाईकोर्ट ने पूरे साल…