• 02/05/2024

निर्माणाधीन मकान की छत ढही, 2 मजदूरों की मौके पर मौत…आधा दर्जन से ज्यादा घायल

निर्माणाधीन मकान की छत ढही, 2 मजदूरों की मौके पर मौत…आधा दर्जन से ज्यादा घायल

Follow us on Google News

राजस्थान के धौलपुर जिले में भीषण हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की छत ढहने से 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और आधा दर्जन मजदूर बुरी तरह घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया। लेकिन, इससे पहले ही दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल मजदूरों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

निर्माणाधीन मकान की छत ढही 

जानकारी के मुताबिक बाड़ी शहर के संत नगर सड़क मार्ग पर मकान का निर्माण चल रहा था। मकान के तीसरे फ्लोर पर करीब 20 मजदूर आरसीसी छत डालने का काम कर रहे थे। रात्रि करीब 12 बजे काम करते समय मकान की छत भरभरा कर ढह गई। छत के ऊपर काम कर रहे मजदूर भी नीचे गिरकर मलबे में दब गए। आधी रात को घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई।

मौके पर मची चीख पुकार

आधी रात को निर्माणाधीन मकान की छत ढहने से मजदूरों की चीख पुकार निकल गई।मजदूरों की चीखने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना से पुलिस एवं उपखंड प्रशासन को अवगत कराकर निजी स्तर पर मलबे के अंदर फंसे मजदूरों को निकालने का रेस्क्यू शुरू कर दिया।

पुलिस एवं प्रशासन के मदद से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद मलबे से मजदूरों को निकाला गया।प्रारंभिक जांच में हादसे को लेकर लापरवाही सामने आई है।निर्माण करा रहे ठेकेदार द्वारा मजदूरों को सुरक्षा के पर्याप्त उपकरण नहीं दिए गए थे। जानकारी मिली है कि मजदूरों द्वारा हेलमेट एवं बेल्टों का भी प्रयोग नहीं किया गया था।