- 03/06/2025
Breaking: फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर हुआ ब्लास्ट, मालिक की मौत, 4 घायल


छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बर्फ फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस विस्फोट में फैक्ट्री मालिक संजय सहगल (43) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे के आसपास हुआ। जानकारी के अनुसार, घायलों में फैक्ट्री कर्मचारी अमन पटेल और तीन अन्य लोग शामिल हैं, जो बर्फ लेने फैक्ट्री आए थे। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में ऑक्सीजन सिलेंडर के फटने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।