• 13/04/2024

प्रेमानंद महाराज की तबियत बिगड़ी, सीने में दर्द के बाद ले जाया गया अस्पताल, जानें कैसा है उनका हाल

प्रेमानंद महाराज की तबियत बिगड़ी, सीने में दर्द के बाद ले जाया गया अस्पताल, जानें कैसा है उनका हाल

Follow us on Google News

संत प्रेमानंद महाराज की तबियत बिगड़ गई है। तबियत खराब होने के बाद शुक्रवार को उऩ्हें वृंदावन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक प्रेमानंद महाराज के सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें इलाज के लिए रामकृष्ण मिशन अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ईसीजी-इको कराने के बाद प्रेमानंद महाराज अपने आश्रम के लिए फिर से रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार को प्रेमानंद महाराज के सीने में दर्द उठा। जिसके बाद आश्रम में मौजूद उनके शिष्य आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। डॉक्टरों द्वारा उनकी जांच की गई, जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

आपको बता दें प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी दोनों किडनियां खराब हो गई हैं। उन्हें डायलिसिस कराना पड़ता है। किडनी की गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद वे प्रतिदिन रात 2 बजे अपने आवास से रमणरेती स्थित राधाकेलि कुंज आश्रम पहुंचते हैं। रात के 2 बजे उनके दर्शन के लिए प्रतिदिन सड़क के दोनों ओर हजारों की संख्या में भक्त उनके दर्शन के लिए खड़े रहते हैं। आश्रम में वे भक्तों से मुलाकात करते हैं और उनके मन में उठ रहे तमाम सवालों के जवाब देते हैं।

प्रेमानंद महाराज के प्रवचन खासे पसंद किए जाते हैं। देश विदेश में लाखों की संख्या में उनके अनुयायी हैं। अपने उपदेशों की वजह से वे सोशल मीडिया में काफी पसंद किए जाते हैं।

प्रेमानंंद महाराज उस वक्त सुर्खियों में आए थे जब विराट कोहली अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और बच्चे के साथ उनके आश्रम पहुंचे थे। उनका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ था।