• 09/09/2024

पकड़ा गया सीरियल किलर गूंगा, महिलाओं की करता था बेरहमी से हत्या

पकड़ा गया सीरियल किलर गूंगा, महिलाओं की करता था बेरहमी से हत्या

Follow us on Google News

पुलिस ने गूंगे सीरियल किलर को गिरफ्तार किया है। साइन लैंग्वेज विशेषज्ञों की मदद से आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल हुई है। आरोपी पर दो कत्ल का इल्जाम है। दरअसल, बलौदाबाजार भाटापारा जिले में अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। दो मामलों में एक ही आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

2 महिलाओं की हुई हत्या के मामले में गूंगे सीरियल किलर तेजराम उर्फ कोंदा को लवन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर लगाम के लिए पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपराधियों पर शक्ति से कार्रवाई की जाए।

अंधे कत्ल के दोनों मामलों में “साइन लैंग्वेज विशेषज्ञों” की मदद से और मनोवैज्ञानिक से पूछताछ की। जिसमें आरोपी तेजराम उर्फ कोंदा ने एक सीरियल किलर की तरह दोनों महिलाओं की हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहला मामला 29 मई 2020 का है। प्रार्थी रामायण पटेल निवासी ग्राम भालूकोना द्वारा थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि भतीजी अनुपम बाई अपने घर में अकेली रहती थी । 29 मई 2020 को सुबह 07.30 बजे सूचना मिली कि मृतिका अनुपमा बाई का शव महानदी किनारे एक पेड़ के डंगाल में लटका है।

जिसकी सूचना पर लवन थाने के पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंचा। पुलिस बल द्वारा संपूर्ण घटनास्थल का सूक्ष्मतापूर्वक निरीक्षण किया गया, जिसमें मृतिका का शरीर पेड़ डंगाल में लेटा हुआ तथा पैर जमीन में था, कपड़ा बिखरा हुआ, सिर पर काफी चोट लगी थी। शव पूरी तरीके से खून से लथपथ था। पास में ही खून लगा एक सूखी लकड़ी भी पड़ी मिली।

किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इसी सूखी लकड़ी से मारपीट कर मृतका की हत्या किया जाना एवं शव को पेड़ में लटका देना प्रतीत हो रहा था। घटनास्थल निरीक्षण में मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, लकड़ी का टुकड़ा आदि को विधिवत जप्त किया गया और रिपोर्ट पर महिला की हत्या करने वाले अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना लवन में अपराध क्र. 345/2020 धारा 302 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

दूसरा मामला 13 मार्च 2023 को प्रार्थी किशन यादव निवासी ग्राम भालूकोना द्वारा थाना लवन में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि गांव के पनखट्टी तालाब पार स्थित मंदिर के पास गौरी बाई यादव उम्र 56 साल निवासी ग्राम भालूकोना का शव पड़ा हुआ है, जिसकी सूचना पर लवन थाने के पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पहुंचा। पुलिस बल द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया की मृतिका घर में अकेली रहती थी। मृतिका के सिर, चेहरा में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मारकर चोंट पहुंचाया जाना, जिसमें से खून निकला हुआ था।

साथ ही शव को घसीटने के निशान भी दिख रहे थे। इस दौरान घटना स्थल में मिले महत्वपूर्ण साक्ष्यों, खून लगा लकड़ी का टुकड़ा, एक लोहे का हंसिया आदि विधिवत जप्त किया गया। रिपोर्ट पर महिला की हत्या करने वाले अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना लवन में अपराध क्र. 212/2023 धारा 302 भादवि पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।

साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड में गांव के ही एक संदेही तेजराम उर्फ कोंदा का नाम सामने आया। उक्त संदेही को हिरासत में लेकर “साइन लैंग्वेज विशेषज्ञों” की मदद से उससे मनोवैज्ञानिक रूप से विस्तृत पूछताछ किया गया, जिसमें आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया।