- 15/01/2025
ऐसा क्या कह दिया था मार्क जकरबर्ग ने भारत को लेकर, मेटा को मांगनी पड़ी माफी


भारत को लेकर मार्क जकरबर्ग द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर मेटा ने माफी मांगी है। आईटी और कम्युनिकेशन मामलों के संसदीय समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने इसकी जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी है। इससे पहले दुबे ने जकरबर्ग की टिप्पणी को लेकर मंगलवार को कहा था कि संसदीय समिति मेटा को इसके लिए समन करेगी।
निशिकांत दुबे ने एक्स पर लिखा, “भारतीय संसद व सरकार को 140 करोड़ लोगों का आशीर्वाद व जन विश्वास प्राप्त है. Meta भारत के अधिकारी ने आखिर अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगी है। यह जीत भारत के आम नागरिकों की है, प्रधानमंत्री मोदी को जनता ने तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर दुनिया का देश के सबसे मजबूत नेतृत्व से परिचय करवाया है। अब इस मुद्दे पर हमारी कमिटी का दायित्व खत्म होता है। अन्य विषयों पर हम इन सोशल प्लेटफॉर्म को भविष्य में बुलाएंगे, क्षमा शोभती उस भुजंग को जिसके पास गरल हो।”
क्या है मामला?
दरअसल फेसबुक के फाउंडर और मेटा के CEO मार्क जकरबर्ग ने एक पॉटकास्ट में कहा था कि COVID-19 के बाद हुए चुनाव में भारत सहित दुनिया भर की कई सरकारें हारी हैं। उन्होंने कहा था कि ये हारें यह दिखाती है कि कोविड महामारी के बाद लोगों का भरोसा कम हुआ है।
जकरबर्ग का यह दावा पूरी तरह से गलत है, कोविड के बाद भारत में हुए आम चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन ने तीसरी बार देश में अपनी सरकार बनाई। जकरबर्ग के इस गलत दावे पर केंद्रीय मंत्री सहित कई बीजेपी नेता भड़क गए थे।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर लिखा, “दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, भारत में 2024 में हुए चुनाव में 64 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया। भारत के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करने वाली NDA सरकार पर भरोसा दिखाया। मार्क जकरबर्ग का दावा कि भारत समेत दुनिया की ज्यादातर सत्ताधारी सरकार ने कोविड के बाद हुआ चुनाव हारा है, गलत है।”