• 24/05/2022

भ्रष्टाचार के मामले में सीएम ने अपने मंत्री को किया बर्खास्त, भेजा सलाखों के पीछे

भ्रष्टाचार के मामले में सीएम ने अपने मंत्री को किया बर्खास्त, भेजा सलाखों के पीछे

Follow us on Google News

चंडीगढ़। भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेंस अपनाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant mann) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएम भगवंत मान ने अपने ही एक मंत्री विजय सिंगला (vijay singla) को राज्य मंत्रीमंडल से बर्खास्त कर दिया। मंत्री को बर्खास्त करने के साथ ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला (vijay singla) को राज्य मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर दिया है। मान ने कहा कि उन्होंने ये फैसला, सिंगला द्वारा निविदाओं में कथित रूप से एक प्रतिशत कमीशन की मांग किए जाने की जानकारी मिलने के बाद किया।  मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, “ मैं मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा हूं। मैं उन्हें मंत्रिमंडल से हटा रहा हूं।” मान ने दावा किया कि सिंगला ने गलत काम करने की बात स्वीकार की है।

ये है मामला

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक अधिकारी ने मंत्री विजय सिंगला द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार की खबर दी थी। जिस पर सीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया था और कहा था कि उन्हें किसी से डरने की जरुरत नहीं है। भष्टाचार करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। जिसके बाद अधिकारी की मदद से एक ऑपरेशन को अंजाम दिया गया, जिसमें सामने आया कि मंत्री विजय सिंगला और उनके एक करीबी एक पर्सेंट कमीशन की मांग कर रहे थे।

ऑपरेशन में मिली रिकॉर्डिंग सहित तमाम सबूतों के बाद सीएम भगवंत मान ने मंत्री विजय सिंगला के खिलाफ कार्रवाई की। अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करके मुख्यमंत्री ने राज्य में सभी को साफ संदेश दे दिया है कि राज्य में भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : कुतुब मीनार विवाद में ASI का कोर्ट में हलफनामा, कहा- यह संरक्षित इमारत, यहां किसी भी धर्म को पूजा की इजाजत नहीं