- 13/04/2023
List: इस CM के पास 510 करोड़ तो इनके पास है 15 लाख रुपये, 30 में से 29 मुख्यमंत्री करोड़पति, जानें किसके पास कितना पैसा

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्री की संपत्ति को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में देश के सभी 30 मुख्यमंत्रियों की संपत्ति की जानकारियां है। नेताओं के आपराधिक इतिहास और संपत्ति पर नजर रखने वाली ADR ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट में एडीआर ने बताया है कि देश के 30 में से 29 मुख्यमंत्री करोड़पति हैं। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी का है और सबसे आखरी नाम पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी का है।
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक लिस्ट में सबसे ऊपर मौजूद जगन मोहन रेड्डी देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनकी संपत्ति 510 करोड़ रुपये से ज्यादा है। लिस्ट में बाकी के सभी मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्तियों से भी ज्यादा संपत्ति जगन मोहन रेड्डी की है।
Also Read: एनकाउंटर ब्रेकिंग: माफिया अतीक अहमद के बेटे असद का एनकाउंटर, एसटीएफ ने मार गिराया
वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी देश की सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं। उनकी संपत्ति 15 लाख रुपये है। लिस्ट में दूसरे नंबर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू हैं। उनकी संपत्ति 163 करोड़ रुपये से ज्यादा है। तीसरे नंबर पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हैं जिनकी संपत्ति 63 करोड़, चौथे नंबर पर नागालैंड के सीएम नेफियू रियो हैं उनकी संपत्ति 46 करोड़ है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इस लिस्ट में 7 वें नंबर पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 23 करोड़ रुपये से ज्यादा की है। उधर सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री में ममता बैनर्जी 15 लाख, केरल के सीएम पिनराई विजयन 1 करोड़ से ज्यादा और हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर हैं जिनकी संपत्ति 1 करोड़ से ज्यादा है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जगन मोहन रेड्डी के पास 1 करोड़ से ज्यादा की देनदारी है और उनकी खुद की आय 50 करोड़ से ज्यादा है। लिस्ट में 23 वें नंबर पर मौजूद दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की आय 2 लाख से ज्यादा है वहीं उनकी कुल संपत्ति 3 करोड़ से ज्यादा है।
| मुख्यमंत्री | राज्य | कुल संपत्ति |
| जगन मोहन रेड्डी | आंध्र प्रदेश | 510 करोड़ से ज्यादा |
| पेमा खांडू | अरुणाचल प्रदेश | 163 करोड़ से ज्यादा |
| नवीन पटनायक | ओडिशा | 63 करोड़ से ज्यादा |
| नेफियू रियो | नागालैंड | 46 करोड़ से ज्यादा |
| एन रंगासामी | पुडुचेरी | 38 करोड़ से ज्यादा |
| के चंद्रशेखर राव | तेलंगाना | 23 करोड़ से ज्यादा |
| भूपेश बघेल | छत्तीसगढ़ | 23 करोड़ से ज्यादा |
| हिमंत बिस्वा सरमा | असम | 17 करोड़ से ज्यादा |
| कोनराड संगमा | मेघालय | 15 करोड़ से ज्यादा |
| माणिक साहा | त्रिपुरा | 13 करोड़ से ज्यादा |
| एकनाथ शिंदे | महाराष्ट्र | 11 करोड़ से ज्यादा |
| प्रमोद सावंत | गोवा | 9 करोड़ से ज्यादा |
| बसवराज बोम्मई | कर्नाटक | 8 करोड़ से ज्यादा |
| एमके स्टालिन | तमिलनाडु | 8 करोड़ से ज्यादा |
| हेमंत सोरेन | झारखंड | 8 करोड़ से ज्यादा |
| भूपेंद्र पटेल | गुजरात | 8 करोड़ से ज्यादा |
| सुखविंदर सिंह | हिमाचल प्रदेश | 7 करोड़ से ज्यादा |
| शिवराज सिंह चौहान | मध्य प्रदेश | 7 करोड़ से ज्यादा |
| अशोक गहलोत | राजस्थान | 6 करोड़ से ज्यादा |
| पुष्कर सिंह धामी | उत्तराखंड | 4 करोड़ से ज्यादा |
| प्रेम सिंह तमांग | सिक्किम | 3 करोड़ से ज्यादा |
| ज़ोरमथांगा | मिजोरम | 3 करोड़ से ज्यादा |
| अरविंद केजरीवाल | दिल्ली | 3 करोड़ से ज्यादा |
| नीतीश कुमार | बिहार | 3 करोड़ से ज्यादा |
| भगवंत मान | पंजाब | 1 करोड़ से ज्यादा |
| योगी आदित्यनाथ | उत्तर प्रदेश | 1 करोड़ से ज्यादा |
| एन बिरेन सिंह | मणिपुर | 1 करोड़ से ज्यादा |
| मनोहर लाल खट्टर | हरियाणा | 1 करोड़ से ज्यादा |
| पिनाराई विजयन | केरल | 1 करोड़ से ज्यादा |
| ममता बनर्जी | पश्चिम बंगाल | 15 लाख से ज्यादा |





