• 02/06/2024

एक बार नहीं कई बार फेल हुए Exit Polls, 2004 से लेकर 2019 तक अपने अनुमान से रहे कोसों दूर, देखिए क्या कहते हैं आंकड़े

एक बार नहीं कई बार फेल हुए Exit Polls, 2004 से लेकर 2019 तक अपने अनुमान से रहे कोसों दूर, देखिए क्या कहते हैं आंकड़े

देश में लोकसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अलग चैनलों द्वारा विभिन्न एजेंसियों के साथ कराए एग्जिट पोल्स (Exit Polls) सामने आ गए हैं। मीडिया ने भी बड़े उत्साह से एग्जिट पोल दिखाए। 11 एग्जिट पोल्स में एनडीए को 350 से 370 के आसपास दिखा रहा है। केवल दो एग्जिट पोल बीजेपी गठबंधन को 400 सीट दिला रहे हैं। वहीं इंडिया गठबंधन को 100 से 150 सीट मिलती दिखी।

लेकिन अगर हम एग्जिट पोल्स की विश्वसनीयता पर बात करें तो ज्यादातर मौकों पर एग्जिट पोल्स फेल होते ही नजर आए हैं। चाहे वो विधानसभा चुनाव के नतीजे हों या फिर लोकसभा के। पिछले 4 लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स भी असल नतीजे से काफी दूर रहे। आइए एक बार सब पर नजर डालते हैं। उससे पहले पिछले विधानसभा चुनाव पर भी नजर डालते हैं।

2023 के विधानसभा चुनाव में सभी एग्जिट पोल बड़े बहुमत के साथ छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की सरकार बना रहे थे। लेकिन चुनाव के नतीजों ने भूपेश बघेल को सत्ता से बेदखल कर दिया था। लिहाजा ये कह सकते हैं कि एग्जिट पोल्स को सच मानने की गलती नहीं की जानी चाहिए।

साल 2004 एग्जिट पोल्स 

साल 2004 में में एग्जिट पोल जनता का मूड भांपने में पूरी तरह नाकामयाब रहे थे। इन एग्जिट पोल्स के नतीजों के मुताबिक केन्द्र में दुबारा अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार बनते नजर आ रही थी। लेकिन असल परिणाम इसके उलटे आए थे। एनडीए गठबंधन को 181 सीटें मिली थी। वहीं यूपीए गठबंधन ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश में अपनी सरकार बनाई थी।

साल 2009 के एग्जिट पोल्स

साल 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में सभी एग्जिट पोल्स एनडीए और यूपीए गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर दिखा रहे थे। एग्जिट पोल्स ने अपने आंकड़ों में बीजेपी गठबंधन को 190 के आसपास सीटें दी वहीं कांग्रेस गठबंधन को 200 से कम सीटें दिखाई। लेकिन चुनाव परिणाम ठीक उलटा आया। यूपीए गठबंधन को 262 सीटें मिलीं। मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए गठबंधन की देश में दुबारा सरकार बनी। इस साल भी एग्जिट पोल्स जनता का मूड भांपने में फेल हो गए।

साल 2014 के एग्जिट पोल्स

साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में अधिकांश एग्जिट पोल एनडीए गठबंधन को 272 सीट के आसपास दिखा रहे थे। लेकिन चुनाव परिणाम चौंकाने वाले आए, बीजेपी को 336 सीटें मिली और नरेन्द्र मोदी पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने। केवल चाणक्य के ही एग्जिट पोल नतीजों के आसपास दिखे। यानी यहां भी सिर्फ एक को छोड़कर बाकी सभी एग्जिट पोल फेल हुए थे।

साल 2019 के एग्जिट पोल्स

साल 2019 के चुनाव में एग्जिट पोल्स सही अनुमान नहीं लगा पाए थे। एग्जिट पोल्स के रिजल्ट ने एनडीए गठबंधन को 287 से 300 सीटें और यूपीए को 70 से 120 सीटों के आसपास दिखाया गया था। लेकिन एनडीए को 353 सीटें और यूपीए को 93 सीटें मिली थी।