• 22/08/2023

करोड़ों की डकैती से पहले निकलवाया ‘शुभ मुहुर्त’, ज्योतिष सहित सभी गिरफ्तार

करोड़ों की डकैती से पहले निकलवाया ‘शुभ मुहुर्त’, ज्योतिष सहित सभी गिरफ्तार

Follow us on Google News

अभी तक आप ने पूजा-पाठ, शादी-ब्याह और व्यापार जैसे शुभ कार्यों के लिए शुभ मुहुर्त निकलवाते सुना होगा लेकिन महाराष्ट्र के पुणे जिले में डकैतों ने करोड़ों रुपये की डकैती डालने के लिए शुभ मुहुर्त निकलवाया। लेकिन शुभ मुहुर्त भी डकैतों को पुलिस के शिकंजे से बचा नहीं सकी। मामले में पुणे पुलिस ने ज्योतिष सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर करोड़ों की इस डकैती के मामले का खुलासा किया है।

पुणे जिले के बारामती का है, 21 अप्रैल को यहां डकैतों ने एक घर में करोड़ों की डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस हाईप्रोफाइल डकैती के लिए डकैतों ने बकायदा एक बड़ी प्लानिंग की। जिसके तहत रामचंद्र चावा नाम के एक ज्योतिष से डकैतों ने डकैती डालने का शुभ मुहुर्त भी निकलवाया। डकैती के लिए निकलवाए गए इस शुभ मुहुर्त के लिए डकैतों ने ज्योतिष को 8 लाख रुपये की दक्षिणा भी दी।

ज्योतिष के बताए शुभ मुहुर्त के मुताबिक डकैतों ने 21 अप्रैल की रात 8 बजे सागर गोफने नाम के एक शख्स के निवास को अपना निशाना बनाया। जिस दौरान गोफने के निवास पर डकैती डाली गई उस दौरान वे तिरुपति बालाजी का दर्शन करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बच्चे थे। घर में घुसे डकैतों ने उन्हें बंधक बना लिया और 1 करोड़ रुपये लूट ले गए।

मामले में पुलिस के आला अधिकारियों ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमों को गठन किया। जांच के दौरान मिले सुरागों और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पुलिस की टीम ने अलग-अलग इलाकों से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 76 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का नाम रायबा चव्हाण, सचिन जगधाने, दीपक जाधव उर्फ दुर्योधन, रविन्द्र भोसले और नितिन मोरे है।