- 15/07/2025
टेस्ला की भारत में धमाकेदार एंट्री: 622 किमी की रेंज.. 15 मिनट में चार्ज, जानें क्या है भारत में Model Y की कीमत

अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने आखिरकार भारतीय बाजार में अपने सफर की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने आज मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में अपने पहले शोरूम का उद्घाटन किया, जिसका शुभारंभ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। इस मौके पर टेस्ला ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कार Model Y को आधिकारिक वेबसाइट पर लिस्ट किया, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 59.89 लाख रुपये तय की गई है।
मुख्यमंत्री ने टेस्ला को भारत में मैन्युफैक्चरिंग के लिए किया आमंत्रित
शोरूम के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टेस्ला को भारत में मैन्युफैक्चरिंग और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा, “हमारी नीतियां इलेक्ट्रिक वाहनों के मैन्युफैक्चरिंग और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए अनुकूल हैं। हम मैन्युफैक्चरिंग को प्रोत्साहित कर रहे हैं और भारत में टेस्ला से अनुसंधान व विकास (R&D) और मैन्युफैक्चरिंग की उम्मीद करते हैं।” फडणवीस ने विश्वास जताया कि टेस्ला उचित समय पर इस दिशा में कदम उठाएगी।
Tesla Model Y की कीमत और वेरिएंट
टेस्ला ने Model Y को दो वेरिएंट्स—रियर व्हील ड्राइव (RWD) और लांग रेंज (LR-RWD)—के साथ भारतीय बाजार में उतारा है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इसकी बुकिंग मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम के लिए शुरू हो चुकी है। कीमतों का विवरण निम्नलिखित है:
शहर | वेरिएंट | कीमत एक्स-शोरूम | ऑन-रोड कीमत |
दिल्ली | RWD | 59.89 | 61.07 |
LR- RWD | 67.89 | 69.15 | |
मुंबई | RWD | 59.89 | 61.07 |
LR- RWD | 67.89 | 69.15 | |
गुरुग्राम | RWD | 59.89 | 66.07 |
LR- RWD | 67.89 | 75.61 |
नोट: फुल-सेल्फ ड्राइविंग (FSD) फीचर के लिए अतिरिक्त 6 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। यहां पर LR-RWD का अर्थ लांग रेंज, रियल-व्हील ड्राइव वेरिएंट से है।
Tesla Model Y की खासियतें
टेस्ला मॉडल Y को दो बैटरी पैक ऑप्शंस—60 kWh और 75 kWh—के साथ पेश किया गया है। RWD वेरिएंट में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर है, जो 295 hp की पावर देता है। 60 kWh बैटरी के साथ यह कार 500 किमी (WLTP सर्टिफाइड) की ड्राइविंग रेंज प्रदान करती है, जबकि लांग रेंज वेरिएंट 622 किमी की रेंज देता है।
इस कार में 15.4-इंच फ्रंट इंफोटेनमेंट डिस्प्ले, 8-इंच रियर स्क्रीन, पावर-एडजेस्टेबल फ्रंट सीट्स, डुअल-ज़ोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 19-इंच क्रॉसफ्लो व्हील्स, फिक्स्ड ग्लास रूफ और पावर रियर लिफ्टगेट जैसे फीचर्स शामिल हैं। कार 7 एक्सटीरियर कलर ऑप्शंस और 2 इंटीरियर ट्रिम्स में उपलब्ध है।
स्पीड और चार्जिंग
कंपनी का दावा है कि RWD वेरिएंट 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकता है, जबकि लांग रेंज वेरिएंट को यह रफ्तार हासिल करने में 5.6 सेकंड लगते हैं। सुपरचार्जर से 15 मिनट की चार्जिंग में यह कार 238 से 267 किमी की ड्राइविंग रेंज दे सकती है।
वैश्विक बाजारों की तुलना में महंगी
टेस्ला मॉडल Y की कीमत भारत में अन्य देशों की तुलना में काफी अधिक है। अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत 44,990 डॉलर (लगभग 38.63 लाख रुपये), चीन में 263,500 युआन (लगभग 31.57 लाख रुपये) और जर्मनी में 45,970 यूरो (लगभग 46.09 लाख रुपये) है। भारत में इसकी शुरुआती कीमत 59.89 लाख रुपये होने से यह अन्य बाजारों की तुलना में महंगी है।
टेस्ला का भारत में यह पहला कदम इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। कंपनी के भविष्य में भारत में मैन्युफैक्चरिंग शुरू करने की संभावना से स्थानीय उत्पादन और कीमतों में कमी की उम्मीद भी बढ़ रही है।