- 15/06/2024
गौ तस्करों का नेशनल हाइवे पर उत्पात, जमकर बरसाई गोलियां, 1 गौ रक्षक घायल
हरियाणा के नूंह जिले में गौ तस्करों की शनिवार सुबह गौ-रक्षकों से भिड़ंत हो गई। इस दौरान गौ तस्करों ने गौ रक्षकों के ऊपर गोलीबारी की। इस गोलीबारी में एक गौरक्षक को गोली लगी है। उसकी पहचान रेवाड़ी जिले के सोनू सरपंच के रुप में हुई है। घटना के बाद उसे फरीदाबाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से उसे गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना फिरोजपुर झिरका थाना इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे स्थित गांव शेखपुर की है। गौरक्षको को गौतस्करी की जानकारी मिली। जिसके बाद गौ रक्षकों की 7 लोगों की एक टीम ने गौतस्करी कर ले जाए जा रही पिकअप वाहन का पीछा किया। इसी दौरान गौतस्करों ने गोलीबारी शुरु कर दी। घटना सुबह 4ः45 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। पुलिस ने मवेशियों से भरी पिकअप को पकड़ लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम कालू पुत्र बलदेव निवासी मानकी धाणी, जयपुर का बताया जा रहा है।