- 18/05/2024
इस देश में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों पर नजर: विरोध प्रदर्शन के बीच इंडिया ने घर के अंदर रहने की दी हिदायत
किर्गिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई करने गए छात्रों की जान पर बन आई है। यहां के स्थानीय लोग पाकिस्तानी छात्रों को पीट रहे हैं। इसके अलावा वह भारतीय छात्रों को भी निशाना बना रहे हैं। किर्गिस्तान से कई छात्रों ने हिंसा से जुड़े भयावह वीडियो शेयर किया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक तीन पाकिस्तानी छात्रों की हत्या कर दी गई है। वहीं कुछ छात्र अलग-अलग जगहों पर शरण लिए हुए हैं। बिश्केक में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास ने इमरजेंसी नंबर जारी करते हुए छात्रों को घर के अंदर रहने का आग्रह किया गया है। वहीं पाकिस्तानी छात्रों के माता पिता डरे हुए हैं।इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि आखिर किस कारण से हिंसा भड़क गई। लेकिन कई वीडियो में छात्रों ने कहा कि कि मिस्र और अरब के छात्रों ने स्थानीय लोगों से मारपीट की थी। बाद में इसका आरोप गलत तरीके से पाकिस्तानियों पर मढ़ दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोग गुस्से में आ गए।
छात्रों ने बताया कि स्थानीय लोग, बंदूक और डंडों के जरिए हमले कर रहे हैं। उनके हॉस्टल में तोड़फोड़ की गई है। खिड़कियों पर पत्थर मारे जा रहे हैं। बिश्केक से आने वाले एक वीडियो में दिख रहा है कि बड़ी संख्या में भीड़ और पुलिसकर्मी सड़कों पर खड़े हैं।
पुलिस देखती रही तमाशा
एक वीडियो में दिख रहा है कि एक छात्र को कुछ लोग खींचकर ला रहे हैं। दो लोगों ने उसके हाथ तो दो लोगों ने पैरों को पकड़ रखा है। भीड़ इस हिंसा को देखकर सीटी बजा रही है। इस दौरान पुलिस सिर्फ खड़ी होकर तमाशा देख रही है। छात्रों ने बताया कि स्थानीय लोग लड़कियों के खिलाफ हिंसा से भी पीछे नहीं हैं। माना जा रहा है कि भारतीय और पाकिस्तानियों के एक ही तरह से दिखने के कारण भारतीय छात्र भी हिंसा का शिकार हो रहे हैं।