- 21/10/2023
ISRO ने फिर रचा इतिहास, गगनयान की पहली टेस्ट फ्लाइट सफल


भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केन्द्र (ISRO) ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। इसरो ने गगनयान मिशन के क्रू मॉडल की लॉन्चिंग करने में बड़ी सफलता पाई है। ISRO को यह सफलता दूसरे प्रयास में मिली है। आज शनिवार (21 अक्टूबर 2023 ) को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से सुबह तकरीबन 8ः30 बजे इसरों ने पहला प्रयास किया लेकिन तकनीकी कारणओं से इसे टालना पड़ गया। इसके बाद 10 बजे इसरों ने दूसरा प्रयास किया और इसमें उसे सफलता मिल गई।
इसरो ने दूसरा परीक्षण करने से पहले बताया कि महत्वाकांक्षी गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम से जुड़े पेलोड के साथ उड़ान भरने वाले परीक्षण यान में विसंगति का पता लगाकर उसे दूर कर दिया गया। इसरो ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, ”प्रक्षेपण रोके जाने के कारण का पता लगा लिया गया है और उसे दुरुस्त कर दिया गया है।”
प्रक्षेपण पहले सुबह 8 बजे निर्धारित किया गया था लेकिन दो बार इसके समय में बदलाव किया गया। इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने इसके बाद बताया कि किसी विसंगति के कारण प्रक्षेपण तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि टीवी-डी1 रॉकेट का इंजन तय प्रक्रिया के अनुसार चालू नहीं हो सका था।