- 22/09/2023
DSP आतंकवादियों की कर रहा था मदद, अधिकारी को भी फंसाने की कोशिश, खुलासे से मचा हड़कंप


जम्मू-कश्मीर पुलिस में पदस्थ DSP को आतंकवादियों को मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। डीएसपी का नाम शेख आदिल मुश्ताक है। आदिल पर एक आतंकवादी को गिरफ्तारी से बचाने का आरोप है। इसके साथ ही डीएसपी ने मामले की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी को फंसाने की कोशिश की थी। आदिल के घर जब पुलिस की टीम पहुंची तो वह भागने लगा लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
शेख आदिल को कोर्ट में पेश किया गया जहां न्यायालय ने उसे 6 दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक आतंकी को जुलाई में गिरफ्तार किया था। आतंकी का मोबाइल और जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शेख आदिल की अक्सर आतंकवादियों से फोन पर बात होती थी। इसके लिए वे टेलीग्राम ऐप का इस्तेमाल किया करता था। गिरफ्तार आतंकी से डीएसपी की फोन पर 40 बार बातचीत हुई थी। डीएसपी पर आरोप है कि वह आतंकी को बता रहा था कि गिरफ्तारी से वह कैसे बच सकता है।
इसके अलावा शेख आदिल के खिलाफ पुलिस को आतंकवादियों से लेन-देन के भी सबूत मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि आतंकवादियों के फंडिंग के केस की जांच कर रहे एक पुलिस अधिकारी को आदिल शेख ने झूठे केस में फंसाने की कोशिश की थी। इसके लिए उसने एक अधिकारी के खिलाफ एक झूठी शिकायत की तैयारी भी की थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आदिल शेख ने आऱोपी आतंकवादी से 5 लाख रुपये लिए थे। वह मुजम्मिल जहूर नाम के एक आतंकवादी के संपर्क में था, जिसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए एक बैंक में अकाउंट खुलवाया था ताकि लश्कर की फंडिंग को मैनेज कर सके।