- 24/05/2024
नक्सलियों के शव को लेकर लौट रहे जवानों पर फिर अटैक, 1 और माओवादी ढेर


छत्तीसगढ़ में कल 23 मई को मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों के शव लेकर लौट रहे जवानों पर माओवादियों ने फिर अटैक कर दिया। मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई में जवानों ने एक और नक्सली को मार गिराया। इसके साथ ही नारायणपुर मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई।
नारायणपुर के अबूझमाड़ के जंगलों में कल 23 मई को बड़ी संख्या में नक्सलियों के मौजूद होने की इंटेलीजेंस को खबर मिली थी। जिसके बाद एसटीएफ, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के तकरीबन 1000 जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया। जैसे ही जवान जंगल में पहुंचे तो नक्सलियों ने उन पर गोलीबारी शुरु कर दी।
जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ जमकर गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में जवानों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया। मौके से नक्सलियों के शवों के अलावा बड़े पैमाने पर हथियार भी बरामद हुए।
मारे गए नक्सलियों के शवों को लेकर जब आज जवान वापस लौट रहे थे। उसी दौरान रास्ते में एक बार फिर नक्सलियों ने धावा बोल दिया। जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की। इस मुठभेड़ में एक और नक्सली को जवानों ने मार गिराया।