- 13/02/2025
65 लाख की डकैती का खुलासा, रिश्तेदार ने ही रची थी साजिश, 10 गिरफ्तार.. जानें पूरा मामला


छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 65 लाख की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 59.50 लाख रुपये बरामद कर लिया है। डकैती का मास्टर माइंड और कोई नहीं बल्कि पीड़ित की बहन ही निकली।
मामले का खुलासा करते हुए आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की बहन ने रिटायर्ड सूबेदार के साथ मिलकर डकैती की पूरी योजना बनाई थी। पीड़ित के परिवार में जमीन विवाद चल रहा था। इसी जमीन को पीड़ित ने बेचा था।
जमीन विवाद की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पारिवारिक विवाद पर फोकस किया। पुलिस की टीम ने परिवार के सभी सदस्यों पर नजर रखना शुरू कर दिया और सबसे गहन पूछताछ की गई। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित की बहन सहित उसके सभी साथियों को गिरफ्तार कर उनसे 59.50 लाख रुपये बरामद कर लिया।
क्या है मामला?
आपको बता दें नगरीय निकाय चुनाव के दिन राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित अनुपम नगर में रहने वाले वेल्लू परिवार के यहां डकैत कमांडो ड्रेस में घुसे थे। आरोपियों में एक महिला भी शामिल थी। घर में रहने वाले बुजुर्ग 71 साल की प्रेमा वेल्लू, 70 वर्षीय मनोहर वेल्लू और 67 वर्षीय रजनी वेल्लू को पिस्टल की नोक पर बंधक बनाया गया था। आरोपियों ने खुद को नक्सली बताने के लिए लाल सलाम कहते हुए कहा था कि हल्ला किया तो बम से उड़ा देंगे।
डकैतों ने वेल्लू परिवार द्वारा कुछ दिन पहले बेची गई पुश्तैनी जमीन के 65 लाख रुपये लूट कर ले गए थे। इसके अलावा आलमारी में रखे गहने भी उड़ा लिए। डकैतों के भागने के बाद पीड़ितों ने पड़ोसियों और पुलिस को इसकी सूचना दी।