• 18/02/2024

गुप्त नवरात्रि पर दुर्गा मंदिर में हुआ विशेष अनुष्ठान और कन्या पूजन

गुप्त नवरात्रि पर दुर्गा मंदिर में हुआ विशेष अनुष्ठान और कन्या पूजन

Follow us on Google News

माघ माह की गुप्त नवरात्रि के अवसर पर दुर्ग के गंजपारा में स्थित श्री सत्तीचौरा माँ दुर्गा मंदिर में विशेष आयोजन किया गया।  आज नवमी तिथि पर पूजा अर्चना के साथ कन्या भोज का आयोजन किया गया।

मन्दिर के मुख्य पुजारी पंडित सुनील पांडेय जी ने बताया कि हिंदू धर्म में मां दुर्गा का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। नवरात्रि मां दुर्गा को समर्पित पर्व है जो भारत में धूमधाम के साथ मनाया जाता है। एक साल में 4 बार नवरात्रि का पर्व आता है जिनमे 2 प्रकट नवरात्रि और 2 गुप्त नवरात्रि होती हैं। चैत्र और शारदीय नवरात्रि को सभी जानते हैं ये काफी लोकप्रिय पर्व है जब मां दुर्गा की 9 दिन धूमधाम के साथ पूजा की जाती है। माघ और आषाढ़ माह में पड़ने वाली नवरात्रि को गुप्त नवरात्रि कहा जाता है। गुप्त नवरात्रि पर मां दुर्गा की गुप्त रूप से पूजा करने की परंपरा है।

सत्तीचौरा दुर्गा मंदिर में प्रतिवर्ष सभी 4 नवरात्र बड़े धूम-धाम से मनाया जाता है। माघ माह की गुप्त नवरात्र के अवसर पर दिनांक 9 फरवरी से 18 फरवरी तक मंदिर में प्रतिदिन माता जी का श्रृंगार, अभिषेक, पूजन एवं महाआरती की गई।

गुप्त नवरात्र अष्टमी के अवसर पर दिनांक 17 फरवरी को रात्रि 8 बजे हवन पूजन, पूर्णाहुति, आरती की गई। अष्टमी के अवसर पर भैरव अष्टमी भी मनाई गई। जिसमें मंदिर परिसर में श्री भैरव बाबा की पूजा अर्चना किया गया। आज दिनाँक 18 फरवरी नवमी के अवसर पर प्रातः 9 बजे माँ दुर्गा जी के पूजन, अभिषेक किया गया तत्पश्चात 11 बजे कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया।

कन्या पूजन एवं कन्या भोज के बारे पंडित सुनील पांडेय जी ने बताया कि शास्त्रों में दो साल की कन्या कुमारी, तीन साल की त्रिमूर्ति, चार साल की कल्याणी, पांच साल की रोहिणी, छ: साल की कालिका, सात साल की चंडिका, आठ साल की शांभवी, नौ साल की दुर्गा और दस साल की कन्या सुभद्रा मानी जाती हैं। सभी 4 नवरात्र में सभी धर्म प्रेमियों को अपने अपने अपने घरों में कन्या पूजन एवं कन्या भोज करवाने से निश्चित रूप से माता जी का आर्शीवाद मिलता है।

इसे भी पढ़ें: जैनमुनि विद्यासागर के अंतिम दर्शन करने आ रहे अनुयायियों की कार दुर्घटनाग्रस्त, 3 की मौत 

नवमी के अवसर पर दुर्गा मंदिर में 11 बजे 108 कन्या माताओं का पूजन किया गया। जिसमें समित्ति की महिलाओं ने सभी कन्या माताओं का पैर धोकर, तिलक लगाकर भोजन हेतु मन्दिर परिसर में बैठाया गया, फिर एक साथ 108 कन्या माताओं एवं 1 भैरव 1 लंगूर बाबा रूपी बालक को भोजन कराया गया। कन्या भोज के पश्चात सभी कन्या माताओं को भेंट स्वरूप टिफिन डब्बा, चॉकलेट, बिस्किट, मिष्ठान, नगद राशि भेंट दी गयी, सभी कन्या माताओं के पैर छूकर बिदा किया गया।

इसे भी पढ़ें: धर्मांतरण पर खैर नहीं, सरकार ला रही एंटी-कंवर्जन बिल, जानें क्या होंगे प्रावधान 

ज्ञात हो कि श्री सत्तीचौरा मां दुर्गा मंदिर में प्रतिवर्ष 4 नवरात्र में कन्या भोज कराया जाता है जिसमें पूरे प्रदेश का सबसे बड़ा कन्या भोज का आयोजन भी सत्तीचौरा में आयोजित किया जाता है।

आज के आयोजन में योगेन्द्र शर्मा बंटी, मनोज लोहानी, भारती लोहानी, इंद्राणी साहू (पार्षद) कुलेश्वर साहू (पूर्व पार्षद), राहुल शर्मा, प्रकाश टावरी, सोनल सेन, महेश गुप्ता, सुजल शर्मा, प्रशांत कश्यप, शिल्पी शर्मा, लक्ष्मी यादव, प्रकाश कश्यप प्रकाश सिन्हा अन्य सदस्य एवं धर्मप्रेमी उपस्थित थे।