- 05/06/2022
घर में 5 लोगों के शव फांसी पर लटकते मिले, इस वजह से खत्म हुआ परिवार
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर में एक ही परिवार के 5 लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पूरे परिवार द्वारा सामूहिक आत्महत्या के पीछे आर्थिक तंगी की वजह बताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मऊ धनेशपुर दक्षिण गांव का है। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय मनोज झा, 38 वर्षीय सुंदर मणि, 65 वर्षीय सीता देवी, 10 वर्षीय सत्यम और 7 साल के शिवम के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक मनोज झा अपनी पत्नी, मां और दो बच्चों के रहता था। घटना के दौरान मनोज की बड़ी बेटी अपने पति के साथ मायके में ही थी।
उसके मुताबिक वो रात में पति के साथ दूसरे कमरे में सोई हुई थी, सुबह जब उठी तो देखा कि बाजू वाले कमरे में, मां-पिता, दोनों भाई और दादी का शव फांसी के फंदे पर झूल रहा था और दरवाजा खुला हुआ था। घटना की जानकारी लगते ही पास-पड़ोस के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शव को फांसी के फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी की वजह सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक ने बेटी की शादी के लिए कर्जा लिया था। कर्ज पटाने को लेकर वह काफी दबाव में रहता था।
इसे भी पढ़ें : हसदेव अरण्य में जंगल कटाई और कोल खनन का विरोध करने वालों को सीएम भूपेश का जवाब – पहले अपने घर की बिजली बंद करो.. फिर लड़ो