• 17/12/2022

नारायणपुर के ब्रेहबेड़ा गांव में खुला नया पुलिस कैंप, सिलगेर जैसे टकराव की स्थिति, ग्रामीणों का आरोप सुरक्षा के नाम पर दमन कर रहे जवान

नारायणपुर के ब्रेहबेड़ा गांव में खुला नया पुलिस कैंप, सिलगेर जैसे टकराव की स्थिति, ग्रामीणों का आरोप सुरक्षा के नाम पर दमन कर रहे जवान
Spread the love

अंकुर तिवारी, नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के कोहकामेटा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मेटानार के आश्रित ग्राम ब्रेहबेड़ा में 1 नवंबर को पुलिस कैंप के विरोध में माड़िया जनजाति ने आंदोलन शुरू किया। लेकिन 28 नवंबर को इन आदिवासियों को पुलिस ने आंदोलन स्थल से खदेड़ दिया। फिर दोबारा ये गांववाले एकजुट होकर 11 दिसंबर को ब्रेहबेड़ा गांव के जंगल में सड़क किनारे अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। स्थानीय आदिवासियों का आरोप है कि 16 दिसम्बर की सुबह 7 बजे से पुलिस जवानों ने कैंप लगाकर इलाके को घेर लिया। इसके बाद अब नारायणपुर पुलिस और माड़िया आदिवासियों के बीच तनाव का माहौल है। गांववाले कैंप का विरोध कर रहें हैं तो पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देकर कैंप खोल दिया है। यहां अब बीजापुर जिले के सिलगेर जैसे हालात बन गए हैं। दोनों तरफ से विवाद और टकराव की स्थिति निर्मित हो गई है।

पांगुड गांव के रहने वाले कांडेराम हिचामी का कहना है कि सरकार के पास ज्ञापन सौंपने के लिए कुछ गांववाले नारायणपुर कलेक्ट्रेट गए थे। लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और फिर एक ग्रामीण को नक्सली बताकर जेल भेज दिया। उनका कहना है कि यदि आदिवासियों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा बलों का कैंप खोला जा रहा है तो फिर उन्हें कलेक्टर के पास ज्ञापन देने से क्यों रोका गया।

उन्होंने यह भी बताया कि कोहकामेटा तहसीलदार ने 15 दिसंबर को एक लिखित आश्वासन दिया कि ब्रेहबेड़ा गांव के आसपास पुलिस कैंप नहीं खोला जाएगा। उसके अगले ही दिन आंदोलन स्थल के ठीक सामने आईटीबीपी का कैंप खोल दिया गया। इसके लिए डीआरजी के जवान जो पूर्व में इस इलाके के माओवादी थे उन्हें बुलाया गया है। बख्तरबंद गाड़ियों के साथ पानी के टैंकर, जेसीबी मशीन और आधुनिक हथियारों से लैस होकर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाया है जिसमें पुलिस के जवान स्थानीय आदिवासियों को धरना प्रदर्शन बंद करके नारायणपुर में बातचीत के लिए बुला रहे हैं। उसी वीडियो में गांववाले बता रहे हैं कि उन्हें नारायणपुर कलेक्टर से मुलाकात करने नहीं दिया जा रहा है। सरकार तक उनका ज्ञापन नहीं भेजने दें रहें हैं।

एक आदिवासी युवती दिव्या पोटाई ने बताया कि 5 दिसंबर को जब नारायणपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के लिए गांववालों का 11 सदस्यीय टीम जिला मुख्यालय पहुँची तो डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद महिलाओं और कुछ पुरुषों को पूछताछ कर छोड़ दिया गया। और दो आदिवासी युवकों को नक्सली बताकर जेल भेज दिया गया। कुतुल गांव के मालू और आयतु उसेंडी को जेल भेज दिया गया। उन पर कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अब जब ब्रेहबेड़ा गांव में आईटीबीपी का कैंप खोल दिया गया है ऐसी स्थिति में दोनों तरफ से टकराव के हालात बने हैं। ग्रामीणों को डर है कि सिलगेर की घटना दोहराई जा सकती है। उन्होंने राज्यपाल और छत्तीसगढ़ सरकार से न्याय की गुहार लगाई है।

नक्सलियों के साथ रहकर अब पुलिस के साथ मिलकर ग्रामीणों को निशाना बना रहे

गांववालों ने बताया कि अबूझमाड़ इलाके में माओवादियों के साथ सालों तक काम करने वाले पूर्व नक्सली सुक्कू नरेटी, कसरू गोटा, नवीन, लच्छू और उनके साथी हैं जो अब नारायणपुर पुलिस के डीआरजी में भर्ती हो गए हैं। सरेंडर करने के बाद ये पूर्व नक्सली अब गांववालों के लिए मुसीबत बन गए हैं। आदिवासियों के घरों में सुबह सुबह जाकर उन्हें पकड़ के प्रताड़ित कर रहें हैं। जेल भेजने और फर्जी मुठभेड़ में मारने के आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है। उनका तर्क है कि डीआरजी में भर्ती होने वाले ये पूर्व माओवादी सरकार से प्रमोशन पाने की लालच के आदिवासियों को अपना शिकार बना रहे हैं और नक्सलियों के खात्मे का दावा करते रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : Pathan Controversy: मुश्किल में बॉलीवुड के ‘पठान’, अब उलेमा बोर्ड भी उतरा विरोध पर, कहा- इस्लाम का मजाक नहीं उड़ाने देंगे

Related post

लोकसभा चुनाव से पहले दहलाने की साजिश नाकाम, एनकाउंटर में मारे गए 4 हार्डकोर नक्सली, 36 लाख रुपए था इनाम

लोकसभा चुनाव से पहले दहलाने की साजिश नाकाम, एनकाउंटर…

Spread the loveलोकसभा चुनाव से पहले नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हुई है. छत्तीसगढ़ के बॉर्डर पर नक्सलियों और जवानों के…
Naxal Video: हमास के आतंकियों की तरह छत्तीसगढ़ में भी सुरंग बना रहे नक्सली, प्लानिंग देख हैरान रह जाएंगे

Naxal Video: हमास के आतंकियों की तरह छत्तीसगढ़ में…

Spread the loveछत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में जवानों को सर्चिंग के दौरान एक लंबी सुरंग मिली है। इस सुरंग…
नक्सलियों ने फोर्स को निशाना बनाने लगाई थी IED, हो सकती थी भारी तबाही, CRPF ने माओवादियों के मंसूबों को ऐसा किया नाकाम

नक्सलियों ने फोर्स को निशाना बनाने लगाई थी IED,…

Spread the loveछत्तीसगढ़ में तैनात CRPF के जवानों ने एक बार फिर नक्सलियों के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया है।…