• 23/03/2023

राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज इस केस में आज सूरत कोर्ट सुनाएगा फैसला, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पहुंचे गुजरात, जानिए क्या है मामला

राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज इस केस में आज सूरत कोर्ट सुनाएगा फैसला, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष पहुंचे गुजरात, जानिए क्या है मामला

Follow us on Google News

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि के एक मामले में सूरत की एक कोर्ट आज फैसला सुनाने वाली है। फैसले के दौरान राहुल गांधी को कोर्ट में मौजूद रहना होगा। लिहाजा वो सुबह ही दिल्ली से सूरत के लिए रवाना हो चुके हैं।

दरअसल साल 2019 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल गांधी कर्नाटक के कोलार में एक रैली को संबोधित करते हुए अपने भाषण में कहा था कि चोरों का सरनेम मोदी है। सभी चोरों का सरनेम मोदी क्यों होता है, चाहे वह ललित मोदी हो या नीरव मोदी हो चाहे नरेंद्र मोदी।

इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ विधायक पूर्णेश मोदी ने मानहानि का केस दर्ज कराया था। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने हमारे समाज को चोर कहा था।चुनावी सभा में हमारे खिलाफ आरोप लगाए गए, जिससे हमारी और समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची। इसी के चलते हम इस मामले को कोर्ट में लेकर आए।

वहीं राहुल गांधी के वकील किरीट पानवाला ने कोर्ट में अपनी दलील देते हुए कहा था कि पूर्णेश मोदी को इस मामले में पीड़ित पक्ष के रूप में शिकायतकर्ता नहीं होना चाहिए था क्योंकि राहुल गांधी के अधिकांश भाषणों में प्रधान मंत्री को निशाना बनाया गया था, न कि पूर्णेश मोदी को।

न्यायालय में इस पूरे मामले की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी तीन बार कोर्ट में पेश हुए थे। आखिरी बार अक्टूबर 2021 में वे न्यायालय में पेश हुए थे। इस दौरान उन्होंने खुद को निर्दोष बताया था।