• 02/10/2023

भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के जवाब में कांग्रेस की ‘भरोसा यात्रा’, बुलेट पर निकले CM भूपेश, बोले- जो कहा वो किया

भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ के जवाब में कांग्रेस की ‘भरोसा यात्रा’, बुलेट पर निकले CM भूपेश, बोले- जो कहा वो किया

Follow us on Google News

छत्तीसगढ़ में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के जवाब में कांग्रेस ने प्रदेश भर में आज ‘भरोसा यात्रा’ निकाली। प्रदेश के सभी 90 विधानसभा में यह यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुलेट ने भरोसा यात्रा का नेतृत्व करते हुए अपनी विधानसभा पाटन से यात्रा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुलेट में सवार हुए वहीं कांग्रेस के तमाम विधायक और मंत्रियों ने मोटरसाइकिल से रैली निकाली।

महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर को कांग्रेस भरोसा यात्रा के जरिए जन-जन तक पहुंची। इस यात्रा के जरिए 15 सालों के भाजपा के शासन के जवाब में  कांग्रेस की सरकार द्वारा पांच सालों में जनता के लिए किए गए कामकाज और योजनाओं की जानकारी दी। प्रत्येक विधानसभा में कांग्रेस ने 30 किलोमीटर की यात्रा निकाली। जिन विधानसभा में कांग्रेस के विधायक नहीं हैं उन इलाकों में जिला अध्यक्षों और बाकी के नेताओं ने यात्रा की कमान संभाली।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सेलूद से लेकर पाटन तक यात्रा निकाली। इस दौरान भरोसा यात्रा सेलूद से गाड़ाडीह, जामगांव, रानीतराई होते हुए पाटन बस स्टैंड पहुंची।

उधर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव अंबिकापुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत सक्ती, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू दुर्ग ग्रामीण, प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव, सह-सचिव विजय जांगिड़ सरगुजा में शामिल हुये। भरोसा यात्रा में हर विधानसभा क्षेत्रों में मोटर साईकिल रैली भी निकाली गयी जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुये तथा यात्रा का समापन हर विधानसभा क्षेत्रों में सभा के रूप में हुआ।

कांग्रेस ने जो कहा वो किया- भूपेश बघेल

इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के हर समाज का व्यक्ति कह रहा है कि उसे कांग्रेस पर भरोसा है क्योंकि उसने जो कहा वो किया। दूसरी ओर जब रमन सिंह जी के मुख्यमंत्रित्व काल के 15 बरस पूरे होने जा रहे थे तो समाज का हर वर्ग उनसे दुखी था। भाजपा का हर नेता कमीशनखोरी में डूबा हुआ था। भाजपा के 15 साल में किसानों को न 2100 रूपए प्रति क्विंटल का दाम मिला और न हर साल बोनस का वादा पूरा हुआ। दूसरी ओर कांग्रेस ने आते ही कर्ज माफी का वादा पूरा किया और प्रदेश के 18 लाख किसानों के 9000 करोड़ का कर्ज माफ किया। किसानों को 2500 रूपए प्रति क्विंटल देने का वादा निभाया और इस साल तो 2640 रूपए मिल रहे है। भाजपा की मोदी सरकार ने बोनस पर रोक लगाई तो कांग्रेस की भूपेश सरकार ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना लागू करके इनपुट सब्सिडी देना शुरू किया। आज छत्तीसगढ़ का किसान देश का सबसे खुशहाल किसान है। इसी तरह छत्तीसगढ़ के आदिवासी देश के सबसे खुशहाल आदिवासी है। भाजपा के राज में आदिवासी महुआ सड़को पर फेंकने पर मजबूर थे, अब कांग्रेस सरकार महुआ 30 रूपए किलो में खरीदती है। इतना ही नहीं अब 7 की जगह 67 तरह के लघु वनोपज समर्थन मूल्य पर खरीदती है। तेंदूपत्ता के संग्राहक खुश हैं कि 2500 की जगह 4000 रुपए प्रति मानक बोरा मिल रहा है।